पीएम विश्वकर्मा हाट-2026 का आयोजन दिल्ली हाट, आईएनए में 18 से 31 जनवरी तक

पीएम विश्वकर्मा हाट-2026 का आयोजन दिल्ली हाट, आईएनए में 18 से 31 जनवरी तक
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा हाट-2026 का आयोजन दिल्ली हाट, आईएनए में 18 से 31 जनवरी तक किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन रविवार, 18 जनवरी को केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी करेंगे।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि उद्घाटन समारोह में एमएसएमई राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे भी उपस्थित रहेंगी। इस प्रदर्शनी में देशभर के 117 से अधिक कारीगर हिस्सा लेंगे और अपनी पारंपरिक कारीगरी और हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे।
प्रदर्शनी का उद्देश्य
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत आयोजित यह हाट प्रदर्शनी भारत की पारंपरिक कारीगरी की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने के साथ-साथ कारीगरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने अपने उत्पाद बेचने का अवसर देती है। प्रदर्शनी सुबह 10:30 बजे से रात 10 बजे तक जनता के लिए खुली रहेगी।
मंत्रालय ने कहा कि इस प्रदर्शनी में पारंपरिक शिल्प, लाइव क्राफ्ट डेमो और सांस्कृतिक अनुभव शामिल होंगे, जो “विश्वकर्मा का अभियान, विकसित भारत का निर्माण” की भावना को दर्शाते हैं।
MSME और कारीगरों के लिए महत्व
पीएम विश्वकर्मा हाट-2026 कारीगरों को सशक्त बनाने, पारंपरिक हुनर को संरक्षित करने और MSME इकोसिस्टम को मजबूत करने में सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूती प्रदान करता है।
यह आयोजन पारंपरिक कला और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रीय मंच के रूप में काम करेगा और देशभर के कारीगरों को अपने हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर देगा।






