पहलगाम आतंकी हमले के मामले में एनआईए ने जम्मू की अदालत में आरोप पत्र दाखिल

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने कल जम्मू की विशेष अदालत में 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के मामले में आरोप पत्र दाखिल किया। एनआईए ने बताया कि इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिनमें पाकिस्तान आधारित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और इसके सहयोगी द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के सदस्य शामिल हैं।
एनआईए ने कहा कि यह हमला पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा धार्मिक आधार पर लक्षित हत्या करने के लिए किया गया। इस हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक मारे गए थे। आरोप पत्र में लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद और टीआरएफ प्रमुख हबीबुल्लाह मलिक का नाम भी शामिल है।
पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर साजिद जट्ट को भी 1,597 पन्नों के आरोप पत्र में आरोपी ठहराया गया है। तीन पाकिस्तानी आतंकवादी—फैसल जट्ट (सुलेमान शाह), हबीब ताहिर (जिबरान) और हमजा अफगानी—को धार्मिक आधार पर हत्याओं के लिए जिम्मेदार पाया गया, जिन्हें 29 जुलाई को श्रीनगर के निकट दाचीगम में ऑपरेशन महादेव के दौरान सुरक्षाबलों ने मार गिराया।
इसके अलावा, दो आरोपियों परवेज अहमद और बशीर अहमद जोथर को आतंकवादियों को शरण देने के आरोप में आरोपी ठहराया गया। एनआईए ने बताया कि इस मामले में जांच अभी जारी है।






