नेपाल में मानसूनी आपदा से 49 लोगों की मौत, इलाम जिला सबसे अधिक प्रभावित

नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। मानसूनी आपदा में अब तक 49 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। पूर्वी नेपाल का इलाम जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहाँ 38 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
सशस्त्र पुलिस बल ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। नेपाल सरकार ने भारी वर्षा, बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए आज भी सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
इलाम जिले के संदकपुर क्षेत्र में पांच लोग अब भी दुर्गम इलाकों में फंसे हैं। हेलीकॉप्टर से बचाव अभियान की कोशिश की गई, लेकिन खराब मौसम ने राहत कार्य में बड़ी बाधा डाली है।
लगातार बाढ़ और भूस्खलन से कई प्रमुख और उप-राजमार्ग बाधित हो गए हैं। जोगमाई जलविद्युत परियोजना पूरी तरह नष्ट हो गई है, जबकि कई पुनर्निर्मित पुल बह गए हैं। स्थानीय प्रशासन राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटा हुआ है।






