देश में इन्फ्लूएंजा से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों का मिलकर काम करना जरूरी: जे. पी. नड्डा

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा ने कहा है कि देशभर में इन्फ्लूएंजा से प्रभावी रूप से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों को मिलकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह बात आज नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही।
‘इन्फ्लूएंजा की तैयारी और प्रतिक्रिया के लिए अंतर-मंत्रालयी और अंतर-क्षेत्रीय तालमेल को मज़बूत करना’ विषय पर आयोजित इस शिविर में श्री नड्डा ने कहा कि इन्फ्लूएंजा के लिए तैयारी, प्रतिक्रिया और उससे जुड़ी गतिविधियों को सुव्यवस्थित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने इसे एक सतत और समन्वित प्रयास बताया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन्फ्लूएंजा भारत सहित पूरी दुनिया के लिए एक प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है और इसके कारण हर वर्ष कई लोगों की जान जाती है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) नेटवर्क के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौसमी इन्फ्लूएंजा के रुझानों की गहन निगरानी कर रहा है।
यह चिंतन शिविर सभी हितधारकों को इन्फ्लूएंजा से निपटने की तैयारियों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान करता है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय शिविर में विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थानों के लगभग 110 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।






