अमरीका ने चीन से आयातित वस्तुओं पर लगाया 100 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अगले महीने से चीन से आयातित वस्तुओं पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लागू किया जाएगा। यह कदम चीन के नए निर्यात नियंत्रण के जवाब में उठाया गया है, जो बहुमूल्य दुर्लभ खनिजों और कई शोधन तकनीकों पर लागू किया गया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये अतिरिक्त शुल्क पहली नवंबर से प्रभावी होंगे। साथ ही, महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर पर भी अमरीका अपना निर्यात नियंत्रण लागू करेगा। यह नया 100 प्रतिशत शुल्क चीन से आने वाले सामानों पर पहले से लगे 30 प्रतिशत शुल्क में जुड़ जाएगा, जिससे कुल शुल्क दर 130 प्रतिशत हो जाएगी।
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अगर चीन अपने निर्यात नियंत्रण हटाता है, तो ये शुल्क वापस लिया जा सकता है। चीन ने हाल ही में पाँच अतिरिक्त दुर्लभ मृदा तत्वों के निर्यात पर प्रतिबंध बढ़ाने और विदेशी उत्पादकों के लिए नए नियम लागू करने की घोषणा की थी।






