अमरीका ने भारत पर लगने वाला टैरिफ अस्थायी रूप से घटाकर 10% किया

व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका द्वारा भारत पर लगाया जाने वाला नया टैरिफ अस्थायी रूप से 10 प्रतिशत होगा। यह घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के नए वैश्विक टैरिफ के बाद की गई।
धारा 122 के अंतर्गत घोषित 10% टैरिफ कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं है, बल्कि यह पहले के अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम पर आधारित शुल्कों का विकल्प है, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया था।
अमेरिकी प्रशासन ने कहा है कि यह समायोजन अदालत द्वारा लगाए गए कानूनी प्रतिबंधों और वैकल्पिक वैधानिक तंत्रों के माध्यम से कार्रवाई जारी रखने की नीति को दर्शाता है।
इसी बीच, भारत और अमेरिका हाल ही में अपनाए गए संयुक्त वक्तव्य के अनुसार, एक पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए काम कर रहे हैं।
नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि मुख्य वार्ताकार के नेतृत्व में भारत का प्रतिनिधिमंडल अगले सप्ताह अमेरिका का दौरा करेगा। इस दौरे का मकसद दोनों देशों के व्यापार और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना है।






