| | |

उज्जैन में यश मित्तल हत्याकांड के 3 और गिरफ्तार: मर्डर स्पॉट पर निकाली परेड; गाड़ी हटाने को लेकर हुआ था विवाद

उज्जैन। गाड़ी हटाने के विवाद में ट्रैक्टर शोरूम मलिक यश मित्तल की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया।  पुलिस तीनों आरोपियों को उसी क्षेत्र में लेकर गई। यहां उनका जुलूस निकाला गया। इससे पहले शनिवार को भी पुलिस 4 आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर गई थी। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी के लिए आरोपियों से पूछताछ की थी। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा आरोपियों की पिटाई का वीडियो भी सामने आया था।

गाड़ी हटाने को लेकर हुआ था विवाद
ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी यश पिता विजय नारायण मित्तल 27 चिमनगंज मंडी में ट्रैक्टर शोरूम संचालित करता था। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात वह दोस्तों के साथ कार से जा रहा था। दमदमा मोड़ पर कुछ युवक गाड़ी लेकर रास्ते में खड़े थे। इनमें आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर और शेंटू सहित अन्य युवक शामिल थे।

रास्ता नहीं मिलने पर यश और उसके दोस्तों ने हॉर्न बजाकर गाड़ी हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। युवकों ने यश और उसके दोस्तों अभय व्यास व मंगल पर हमला कर दिया। हमले में यश गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

पुलिसकर्मियों ने की पिटाई
मामले से जुड़े 4-5 वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें पुलिसकर्मी आरोपियों को घटनास्थल तक पैदल ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी प्लास्टिक पाइप से आरोपियों की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में आरोपी दर्द से परेशान दिखाई दे रहे हैं।

इसी दौरान तीनों आरोपी यह कहते हुए भी नजर आए कि हमसे गलती हो गई है। पुलिस ने अब मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है। आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share