| | | |

उज्जैन में खड़े हनुमानजी के लिए 5 हजार लोग जुटे: बोले- प्रतिमा दिन के उजाले में हटाएं, हम गोली खाने को तैयार; 1 KM तक रास्ता जाम

मध्य प्रदेश की धर्म नगरी उज्जैन में प्रसिद्ध खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को लेकर लगातार चर्चा का दौर जारी है। रोजाना कई श्रद्धांलु यहां आकर अपनी बात रख रहे है.

बुधवार को हजारों की संख्या में सकल हिंदू समाज ने शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान मंच से संतों ने भक्तों को शपथ दिलाई और प्रशासन को खुली चेतावनी दी।

संतों ने कहा कि प्रतिमा हटानी है तो दिन के उजाले में हटाकर दिखाएं। हम गोली खाने को भी तैयार हैं। नहीं माने तो अगली बार इससे भी बड़ा प्रदर्शन होगा

हज़ारों की संख्या में जुटे लोग
उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर को यथास्थान रखने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। मंदिर से कंठाल चौराहे तक एक किलोमीटर का रास्ता भीड़ से भर गया और लगातार सभी ने हनुमान चालीसा का पाठ कर जय श्रीराम के जयकारे लगाए। पांच हजार से अधिक श्रद्धालु, साधु-संत, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। मौके पर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा।

भव्य रूप में बनेगा मंदिर
खड़े हनुमान मंदिर को लेकर साधु-संतों और सर्व समाज ने एकजुट होकर मंदिर को यथास्थान बचाने का संकल्प लिया। श्रद्धालुओं ने भव्य मंदिर निर्माण की बात कही। इसके बाद समाजजनों ने एसडीएम एलेन गर्ग को बाबा महाकालेश्वर के नाम ज्ञापन सौंपा और प्रतिमा को नहीं हटाने की मांग रखी।

लाखों लोग के जुटने की चेतावनी 
विश्व हिंदू परिषद के महेश आंजना ने कहा कि 15-17 दिनों से प्रतिमा हटाने की योजना की जानकारी सामने आ रही है। समाज की मांग है कि प्रतिमा को स्थानांतरित न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग नहीं मानी गई तो संतों के नेतृत्व में विहिप और बजरंग दल आंदोलन की रणनीति बनाएंगे और अगली बार लाखों लोग जुटेंगे।

पुजारी बोले- दिन में हटाना, तब हिंदुओं के सीने सामने होंगे
अखिल भारतीय पुजारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाकाल मंदिर के पुजारी महेश गुरु ने कहा कि खड़े हनुमान मंदिर को लेकर हिंदू समाज की भावनाएं प्रशासन तक पहुंचाई गई हैं। उन्होंने मंदिर को यथास्थान रखने और धार्मिक आस्था का सम्मान करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि प्रशासन प्रतिमा हटाने का फैसला करता है तो कार्रवाई दिन में और सभी के सामने की जाए।

महाकाल के नाम सौंपा ज्ञापन
उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के बीच खड़े हनुमान मंदिर को लेकर समाज ने प्रशासन से प्रतिमा को यथास्थान रखने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए मंदिर को कहीं और स्थानांतरित न किया जाए, बल्कि इसी जगह भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाए। समाज के मुताबिक, चौड़ीकरण के लिए आसपास की संरचनाएं हटाई जा चुकी हैं, लेकिन प्रतिमा को हटाने की कोशिश सफल नहीं हो सकी।

एसडीएम बोले- मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे मांग
ज्ञापन लेने के बाद एसडीएम एलेन गर्ग ने कहा कि बाबा महाकालेश्वर के नाम से ज्ञापन प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि लोगों की मांग को उचित माध्यम से मुख्यमंत्री और संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन मामले को आगे रखेगा और इस पर जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसकी जानकारी संबंधित लोगों को दी जाएगी।

तीन दिन पहले हुआ था सद्बुद्धि यज्ञ 
इसी मांग को लेकर रविवार दोपहर में ‘सद्बुद्धि हनुमान महायज्ञ’ का आयोजन किया गया था। जिसमे साध्वी हर्षा गिरी शामिल हुई थीं। उन्होंने बताया था कि यज्ञ में सरकार और प्रशासन को सद्बुद्धि देने तथा उचित निर्णय के लिए हनुमानजी से प्रार्थना की गई है। इस दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और सनातन समाज के लोगों ने शामिल होकर यज्ञ में आहुति दी थी।

Share