फिलीपींस में तबाही मचाने के बाद वियतनाम पहुंचा कालमेघी तूफान, हजारों लोगों को कराया गया सुरक्षित स्थानांतरित

हनोई, 06 नवंबर 2025 — फिलीपींस में भारी तबाही मचाने के बाद तूफ़ान कालमेघी (Kalmaegi) अब वियतनाम पहुंच गया है। इस भीषण तूफ़ान ने तेज़ हवाओं और मूसलाधार बारिश के साथ वियतनाम के तटीय इलाकों में तबाही मचानी शुरू कर दी है।
फिलीपींस में कालमेघी के कारण अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग लापता हैं। वहाँ राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं वियतनाम में तूफान के पहुंचते ही 183 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएँ चलने लगीं, जिससे व्यापक नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
वियतनामी प्रशासन ने 5.37 लाख से अधिक लोगों को बढ़ते बाढ़ के पानी और भूस्खलन के ख़तरे के चलते सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया है। क्वांग न्गाई प्रांत में तीन मछुआरों के लापता होने की खबर है, जिनकी नाव शक्तिशाली लहरों में बह गई।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में 60 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है, जिससे वियतनाम के मध्य प्रांतों में भीषण बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो जाएगी। अधिकारियों ने आपातकालीन राहत टीमों को सक्रिय कर दिया है और स्थानीय लोगों से सुरक्षित स्थानों पर बने रहने की अपील की है।






