| |

आगरा-मुंबई हाईवे पर हो रही कार से शराब की तस्करी: पीथमपुर में 40 से ज्यादा पेटियां जब्त; गाड़ी छोड़कर भागा ड्राइवर

पीथमपुर (धार)। आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर एकता नगर के सामने अवैध शराब तस्करी का मामला सामने आ रहा है। यहां एक हुंडई एक्स्ट्रा कार से 40 से ज्यादा पेटियां देशी सफेद और प्लेन मदिरा जब्त की गई हैं। कार्रवाई के दौरान कार चालक मौके से फरार हो गया।

हिंदू जागरण मंच धार के जिला संयोजक हरिसिंह रघुवंशी ने बताया कि संगठन के कुछ कार्यकर्ता बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक हुंडई एक्स्ट्रा कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवारों को तेज कट मार दिया। इससे कार्यकर्ता गिरने से बाल-बाल बच गए।

कार्यकर्ताओं ने बाइक लगाकर कार को रोक लिया। जब चालक से पूछताछ की गई और कार की तलाशी ली गई तो अंदर अवैध देशी शराब रखी मिली। इस दौरान चालक सोहेल मौका पाकर कार को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।

हाईवे पर जमा हुई भीड़
दिनदहाड़े नैशनल हाइवे पर शराब से भरी कार पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

आबकारी एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए शराब और वाहन को जब्त कर थाने पहुंचाया। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी सोहेल की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Share