ट्रंप ने यूक्रेन को दोबारा हथियार भेजने का आदेश दिया, रूस पर भी साधा निशाना

वॉशिंगटन डीसी (ईएमएस)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति रोकने के फैसले से नाराज़ हैं। पेंटागन ने यह निर्णय ट्रंप को बताए बिना लिया था, जिससे नाराज़ होकर ट्रंप ने यूक्रेन को फिर से हथियार भेजने का निर्देश दिया है।

सूत्रों के अनुसार, बीते हफ्ते पेंटागन ने घोषणा की थी कि अमेरिका अब यूक्रेन को एयर डिफेंस मिसाइलें, पैट्रियट और हेलफायर मिसाइलें, तथा प्रिसिशन गाइडेड आर्टिलरी जैसे अहम हथियार नहीं देगा। इसका कारण बताया गया था कि अमेरिका के पास इन हथियारों का स्टॉक कम हो गया है। इस निर्णय पर रक्षा सचिव के हस्ताक्षर थे, लेकिन ट्रंप को इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने इसे व्हाइट हाउस से चर्चा के बिना उठाया गया कदम बताया।

कैबिनेट बैठक में ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पुतिन हर बार झूठे वादे करते हैं और मीठी बातें करके गुमराह करते हैं, जिनका कोई मतलब नहीं होता। ट्रंप ने कहा कि वे युद्ध का शीघ्र अंत चाहते हैं, लेकिन पुतिन के अड़ियल रवैये की वजह से शांति वार्ता आगे नहीं बढ़ पा रही है।

ट्रंप ने रूस पर तेल उद्योग से जुड़े प्रतिबंधों की चेतावनी भी दी और बताया कि वे एक प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं, जिसके तहत रूस से तेल खरीदने वाले भारत और चीन जैसे देशों पर 500% टैरिफ लगाया जा सकता है।

गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध 24 फरवरी 2022 से चल रहा है। अमेरिका इस संघर्ष में यूक्रेन को सबसे ज्यादा सैन्य सहायता देने वाला देश रहा है। अमेरिका ने अब तक यूक्रेन को एयर डिफेंस सिस्टम, ड्रोन, रडार, रॉकेट लॉन्चर, टैंक और अन्य हथियार उपलब्ध कराए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हाल ही में अपनी हवाई सुरक्षा प्रणाली और ड्रोन निर्माण को और मजबूत करने की आवश्यकता जताई थी तथा पश्चिमी देशों से और सहायता मांगी थी।

Share

Similar Posts