स्पेन में एक और ट्रेन हादसा, ड्राइवर की मौत, 37 यात्री घायल

स्पेन में एक सप्ताह के भीतर दूसरा बड़ा रेल हादसा सामने आया है। मंगलवार को बार्सिलोना के पास गेलिडा क्षेत्र में एक ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें ट्रेन ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि 37 यात्री घायल हो गए।
कैटेलोनिया की क्षेत्रीय सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, यह ट्रेन गेलिडा और सैंट सैडर्नी डी’एनोइया नगर पालिकाओं के बीच आर-4 लाइन पर चल रही थी। यह रूट रोजाना हजारों यात्रियों द्वारा उपयोग किया जाता है।
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा स्पेन में हालिया रेल दुर्घटना के महज दो दिन बाद हुआ है। दक्षिणी स्पेन के कोर्डोबा प्रांत के अदामुज के पास हुई पिछली दुर्घटना में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर से 41 लोगों की मौत हो गई थी।
मंगलवार की दुर्घटना के संबंध में कैटेलोनिया प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के कारण रेलवे लाइन के पास बनी सुरक्षा दीवार पटरियों पर गिर गई, जिससे ट्रेन फिसलकर पटरी से उतर गई। ट्रेन ऑपरेटर के अनुसार, हादसा स्थानीय समयानुसार रात करीब 10 बजे हुआ।
स्पेन के प्रमुख अखबार एल पेइस के अनुसार, रविवार को अदामुज (कोर्डोबा) में हुई दुर्घटना में अब भी 38 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। उस हादसे में मलागा से मैड्रिड जा रही एक इर्यो हाई-स्पीड ट्रेन पटरी से उतरकर विपरीत दिशा से आ रही अल्विया ट्रेन से टकरा गई थी। दोनों ट्रेनों में कुल 484 यात्री सवार थे।
लगातार हो रहे रेल हादसों के बाद स्पेन की रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और मौसम के चलते रेल नेटवर्क पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।






