शराब के लिए रुपए नहीं दिए तो घर पर पथराव और तोड़फोड़: 24 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार; 2 अभी भी फरार

आलीराजपुर। बयड़ा में मारपीट, पथराव, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि 3 अगस्त की रात ग्राम बयड़ा निवासी जोगड़ा डावर के घर पांच आरोपी पहुंचे थे। आरोपियों ने शराब पीने के लिए जबरन रुपए मांगे। रुपए देने से इनकार करने पर उन्होंने फरियादी और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया।
वाहनों में की तोड़फोड़, दी जान से मारने की धमकी
पथराव में परिवार के कई लोग घायल हो गए। इसके बाद आरोपियों ने घर के आंगन में खड़े चारपहिया और दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की और मकान व दरवाजे को भी नुकसान पहुंचाया। जाते-जाते आरोपियों ने खुद को क्षेत्र का दबंग बताते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
सूचना मिलने पर थाना बोरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 117/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
दबिश देकर पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर 24 घंटे के भीतर आरोपी भीयान, आकम और इतिश को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई SDOP जोबट आशुतोष के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बोरी निरीक्षक नेपालसिंह चौहान और उनकी टीम द्वारा की गई।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने कहा कि जिले में मारपीट, तोड़फोड़, धमकी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।