सेंधवा में नागपंचमी से पहले उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ : 2 दिन में 50 हजार लोगों ने किए दर्शन; कल 4-5 लाख के पहुंचने का अनुमान

सेंधवा। नागपंचमी के महापर्व से पहले ही नागलवाड़ी के प्रसिद्ध भिलट देव शिखरधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शनिवार और रविवार को 50 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा भिलट देव के दर्शन कर चुके हैं। नागपंचमी पर 4 से 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की व्यापक तैयारियां की हैं।

3.5 किमी पहाड़ी मार्ग पर वाहनों की एंट्री बंद
नागपंचमी के दिन करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे पहाड़ी मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मेला ग्राउंड, सेगांव रोड, केली रोड, ओझर रोड और पिपरखेड़ा मार्ग पर अस्थायी पार्किंग बनाई गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस जवानों के साथ मंदिर समिति के 2 हजार से अधिक वालेंटियर्स तैनात रहेंगे।

DIG ने अधिकारियों के साथ लिया व्यवस्थाओं का जायजा
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निमाड़ रेंज DIG सिमाला प्रसाद ने एसपी पद्म विलोचन शुक्ल, एडिशनल SP धीरज बब्बर और सेंधवा एसडीओपी अजय वाघमारे के साथ शिखरधाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग समेत विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।

101 लीटर दूध से होगा अभिषेक, 108 व्यंजनों का लगेगा भोग
नागपंचमी की पूर्व संध्या पर बाबा भिलट देव का विशेष अभिषेक किया जाएगा। रात 10 बजे से 101 लीटर दूध से अभिषेक शुरू होगा, जो रात 2 बजे तक चलेगा। इसके बाद चोला श्रृंगार किया जाएगा।
ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे बाबा की महाआरती होगी। इसके बाद बाबा को 108 व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।
मंगलवार रात 12 बजे तक खुले रहेंगे मंदिर के पट
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के पट मंगलवार रात 12 बजे तक खुले रहेंगे। प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।