| |

धार में खेत में लगी पवन चक्की टूटी: पंखुड़ियों समेत गिरी; कोई जनहानि नहीं

धार। बदनावर तहसील के दांगीखेड़ी गांव में रावदिया रोड के एक खेत में लगी पवन चक्की अचानक बीच में से टूट गई। पवन चक्की के पंखुड़ियों समेत गिरते ही हुए जोरदार धमाके से आसपास के ग्रामीण दहल गए और बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।

हादसे में कोई जनहानी नहीं 
हादसा सुबह के समय हुआ जब आसपास के खेतों में ग्रामीणों का आना-जाना चल रहा था। राहत की बात यह रही कि पवन चक्की का भारी-भरकम हिस्सा किसी व्यक्ति या मवेशी पर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही संबंधित निजी कंपनी के कर्मचारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

जांच में जुटी टीम 
विशेषज्ञों की टीम टावर और उसके तकनीकी हिस्सों की जांच में जुट गई है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हादसा किसी निर्माण संबंधी कमजोरी, हवा के दबाव या तकनीकी खराबी के कारण हुआ।

छह वर्षों में लगाई 800 पवनचक्की  
दरअसल बदनावर क्षेत्र में छह वर्षों से पवन ऊर्जा परियोजना के तहत 800 से अधिक पवन चक्कियां स्थापित की जा चुकी हैं। इतनी बड़ी संख्या में पवन चक्कियों की मौजूदगी के बावजूद क्षेत्र में इस तरह टावर टूटने का यह पहला मामला सामने आया है। कंपनी का दावा है कि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हादसे की असली वजह का खुलासा हो पाएगा।

Share