साईराज बहुतुले ने की प्रभसिमरन सिंह की जमकर तारीफ, बोले- वो शानदार खिलाड़ी हैं

Indian Premier League 2026 में पंजाब किंग्स की शानदार जीत के बाद टीम के गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की जमकर तारीफ की है।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में नाबाद 80 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिससे टीम ने 16.3 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया।

साईराज बहुतुले ने कहा, “प्रभसिमरन एक शानदार खिलाड़ी हैं। उनकी निरंतरता ही उन्हें खास बनाती है। वह परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालते हैं और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाते हैं।”

उन्होंने प्रभसिमरन की सफलता का श्रेय मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को भी दिया। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में पोंटिंग की मौजूदगी का सकारात्मक प्रभाव खिलाड़ियों पर साफ दिखता है और श्रेयस अय्यर व प्रभसिमरन ने इसका भरपूर लाभ उठाया है।

बहुतुले ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी की भी सराहना करते हुए कहा कि वे एक बेहतरीन लीडर हैं और बल्लेबाजी में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। साथ ही उन्होंने मैच में अय्यर द्वारा लिए गए शानदार कैच को आईपीएल के यादगार पलों में से एक बताया।

गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बहुतुले ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने नई और पुरानी दोनों गेंदों से बेहतरीन नियंत्रण दिखाया, जो वानखेड़े जैसे मैदान पर आसान नहीं होता।

इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने पांच मैचों में नौ अंक हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान मजबूत कर लिया है। अब टीम 19 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अगला मुकाबला खेलेगी।

Share

Similar Posts