रीवा सांसद बोले- शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा: इथेनॉल के विरोध पर भड़के; कहा- दुनिया में सबसे कम महंगाई भारत में

रीवा। सांसद जनार्दन मिश्रा बयान फिर चर्चा में हैं। एयरपोर्ट पर कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का विरोध करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- आंदोलन हो रहा है एथेनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल चलेगा। शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?
सांसद मिश्रा रीवा से भोपाल और कोलकाता के लिए शुरू हुई नई उड़ानों के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति और एथेनॉल नीति पर अपनी बात रखी।
देश में सिर्फ 20% तेल 80% विदेश से आ रहा
सांसद ने एथेनॉल मिश्रण को लेकर कहा- भारत में 20% तेल का उत्पादन होता है। 80% तेल विदेश से आयात करना पड़ता है। लड़ाई के कारण जहाजों को 18 हजार किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। ऐसे में जब पीएम मोदी पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने की बात करते हैं तो कुछ लोग आंदोलन करने लगते हैं।
ब्राजील में 100% एथेनॉल से चल रहीं गाड़ियां
जनार्दन मिश्रा ने दुनिया के दूसरे देशों का उदाहरण दिया। उन्होंंने कहा- ब्राजील दुनिया में सबसे ज्यादा एथेनॉल बनाता है। वहां 100% एथेनॉल से गाड़ियां चल रही है। फिर भी किसी भी गाड़ी में कोई समस्या नहीं। भारत में ऑटोमोबाइल विशेषज्ञ और कार मैकेनिक मानते हैं कि एथेनॉल से गाड़ियों के इंजन को नुकसान नहीं पहुंचता। फिर भी इसका विरोध किया जा रहा।
दुनिया में सबसे ज्यादा रोजगार भारत में
पीएम मोदी की तारीफ करते हुए सांसद ने कहा- दुनिया में सबसे ज्यादा रोजगार भारत में है। पूरी दुनिया में सबसे कम मंहगाई भारत में है। देश आत्म निर्भर की ओर बढ़ने के लिए देश बढ़ रहा है। हम पहले 6 सौ करोड़ का बम निर्यात करते थे आज 38 हजार करोड़ का हवाई सैनिक सामान निर्यात कर रहे है।
सांसद जनार्दन मिश्रा पहले भी दे चुके हैं ऐसे बयान …
- सनातन धर्म के खिलाफ बोलने वाली विचारधारा को जिंदा गाड़ देंगे
रीवा में सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा, ‘हिंदुओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि 26 दलों का जो कुनबा बना है, वह मोदी की कब्र खोदकर गाड़ने का प्रयास कर रहा है। सभी विपक्षी दल घमंड के साथ कहते हैं कि मोदी को हम सब मिलकर गाड़ेंगे, लेकिन जनता कहती है कि जो सनातन धर्म को गाड़ने की बात करेगा, उसे हम जिंदा गाड़ देंगे। चाहे जिस पार्टी का नेता हो।’

- कलेक्टर की कॉलर पकड़ लेना: एक साल पहले स्व. भगवतशरण माथुर की 71वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में जनार्दन मिश्रा ने कहा था, कलेक्टर की कॉलर पकड़ लेना, किसी को एक तमाचा मारना, कमिश्नर को कुर्सी से गिरा देना, हम लोगों का काम था। कलेक्टर को एक तमाचा मार दिया जाए, तो सालभर नेतागीरी, दो साल की नेतागीरी हो जाती थी।
- मोदी के दाढ़ी फटकारने पर 50 लाख आवास झड़ते हैं
दो साल पहले सांसद ने PM नरेंद्र मोदी की दाढ़ी से जोड़कर टिप्पणी की। रीवा की सेमरिया में जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, जब तक इस देश में सबको पीएम आवास न मिल जाएगा, तब तक मोदी की दाढ़ी से पीएम आवास झड़ते रहेंगे। एक बार अपनी दाढ़ी को फटकारते हैं तो 50 लाख घर निकलते हैं। - निगम आयुक्त को दी जिंदा गाड़ने की चेतावनी
चार साल पहले सांसद ने रीवा के नगर निगम आयुक्त सभाजीत यादव को जिंदा गाड़ने की धमकी दी। सांसद ने धमकी देते हुए कहा, अगर उन्होंने अवैध कॉलोनी में रहने वाले लोगों से पैसे मांगे तो उन्हें जिंदा गाड़ दिया जाएगा। भाजपा सांसद ने रीवा नगर निगम आयुक्त पर अवैध कॉलोनी में रहने वाले लोगों से रिश्वत लेने का आरोप लगाया था।
- किसानों से कर्ज वसूली के लिए आए तो हाथ तोड़ देंगे
चार साल पहले भारतीय जनता पार्टी के किसान आक्रोश आंदोलन के दौरान उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस या पुलिस का कोई व्यक्ति किसानों से वसूली करने आएगा तो उसका हाथ तोड़ देंगे, गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया जाएगा। प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता मजबूती से किसानों के साथ खड़े हैं। - नसबंदी के बाद भी बच्चा पैदा करने की स्थिति हो तो यहां सुविधा उपलब्ध
नसबंदी के बाद भी अगर बच्चा पैदा करने की स्थिति हो जाए, इस तरीके के डॉक्टर किसी दूसरे अस्पताल में नहीं है। लेकिन यह सुविधा रीवा के जिला अस्पताल में है। सांसद जनार्दन मिश्रा ने यह बात रीवा के कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल में नवीन ओपीडी विस्तार भवन और कॉरिडोर के उद्घाटन पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
