| | | |

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पीथमपुर में तैयारी तेज: QR कोड से रजिस्ट्रेशन अभियान; रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा

पीथमपुर। इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम को लेकर पीथमपुर में युवा कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश पटेल के मार्गदर्शन में शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष जाफिर कुरैशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्रों से संपर्क कर रहे हैं।

स्कूल-कॉलेजों में चलाया जा रहा रजिस्ट्रेशन अभियान
युवा कांग्रेस की टीम अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर छात्रों को कार्यक्रम की जानकारी दे रही है। इस दौरान छात्रों का रजिस्ट्रेशन भी कराया जा रहा है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक अभियान के तहत अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

QR कोड से मौके पर हो रहा रजिस्ट्रेशन
अभियान के दौरान छात्रों का डिजिटल रजिस्ट्रेशन QR कोड के जरिए किया जा रहा है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता छात्रों को रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया समझाकर मौके पर ही पंजीयन करा रहे हैं।

रोजगार और शिक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा
कार्यकर्ताओं की ओर से छात्रों से रोजगार, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, पेपर लीक, परीक्षा परिणाम और शिक्षा की बढ़ती लागत जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की जा रही है। इन मुद्दों को छात्र संवाद कार्यक्रम में उठाए जाने की बात कार्यकर्ताओं ने कही है।

पीथमपुर से इंदौर ले जाने की तैयारी
शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष जाफिर कुरैशी ने बताया कि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में पीथमपुर से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। उनके मुताबिक पीथमपुर से छात्रों और युवाओं को इंदौर पहुंचाने के लिए वाहनों और बसों की व्यवस्था की जा रही है। कुरैशी ने बताया कि अभियान के तहत पीथमपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में लगातार संपर्क किया जा रहा है।

Share