| |

विश्व पर्यावरण दिवस पर सूरत में पीएम मोदी लगाएंगे रुद्राक्ष का पौधा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिलेगा नया विस्तार

सूरत। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुजरात के सूरत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अपनी प्रेरणा से देशभर में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को नया विस्तार देंगे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रुद्राक्ष का पौधा रोपेंगे।

जिला प्रशासन और सूरत महानगरपालिका ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सबसे पहले हजीरा स्थित एक प्रमुख औद्योगिक इकाई का दौरा करेंगे। यहां ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया जाएगा। यह पहल औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने का संदेश देगी।

इसके बाद प्रधानमंत्री सूरत के आच्छादित क्रीड़ांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे धार्मिक, आध्यात्मिक और औषधीय महत्व वाले रुद्राक्ष के पौधे का रोपण करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में सूरत सामाजिक वानिकी विभाग द्वारा विशेष प्रदर्शनी और पौधा वितरण केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगभग 2,000 पवित्र एवं औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।

इन पौधों में तुलसी, नगोड़, शहतूत, समड़ी और सिंदूर जैसे उपयोगी एवं औषधीय पौधे शामिल हैं। वन विभाग द्वारा इन्हें विशेष रूप से तैयार की गई जैविक और पर्यावरण अनुकूल सामग्री वाले गमलों में वितरित किया जाएगा।

प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम को प्लास्टिक मुक्त रखने का निर्णय लिया है। इस पहल के माध्यम से सूरत ‘हरित प्रशासन’, ‘हरित सूरत-स्वच्छ सूरत’ और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश देशभर में पहुंचाने का प्रयास करेगा।

प्रधानमंत्री का यह दौरा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share

Similar Posts