| |

PM मोदी पांच देशों की यात्रा पूरी कर स्वदेश रवाना, इटली के साथ ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ पर बनी सहमति

PM मोदी पांच देशों की यात्रा पूरी कर स्वदेश रवाना, इटली के साथ ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ पर बनी सहमति

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों—संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली—की आधिकारिक यात्रा पूरी कर रोम से स्वदेश रवाना हो चुके हैं। प्रधानमंत्री कुछ घंटों में भारत पहुंच जाएंगे। इस दौरे के अंतिम चरण में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ अहम द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें दोनों देशों ने संबंधों को ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई।

पीएम मोदी बोले- यात्रा बेहद सफल रही

प्रधानमंत्री मोदी ने रोम से भारत रवाना होने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी यात्रा को सफल बताते हुए लिखा कि इटली यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

उन्होंने कहा,
“मेरी इटली की यात्रा बेहद सफल रही। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ अलग-अलग क्षेत्रों के मसलों पर चर्चा हुई। इस यात्रा का सबसे अहम नतीजा यह है कि भारत-इटली संबंधों को ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाएंगे। इससे दोनों देशों के सहयोग को आने वाले वर्षों में नई गति मिलेगी।”

पीएम मोदी ने इटली सरकार और वहां के लोगों का गर्मजोशी भरे स्वागत और दोस्ती के लिए आभार भी जताया।

विदेश मंत्रालय ने बताया अहम दौरा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की यात्रा का अंतिम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और इटली के साथ संबंधों को नई मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए, जिससे भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में नई गति मिली है।

व्यापार, निवेश और IMEC पर हुई चर्चा

इटली दौरे के दौरान दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी, रक्षा सहयोग और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (IMEC) जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि आने वाले समय में दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक रिश्ते और मजबूत हो सकते हैं।

लगभग 8 घंटे में भारत पहुंचेंगे पीएम मोदी

उल्लेखनीय है कि रोम से नई दिल्ली की हवाई दूरी करीब 5,994 किलोमीटर है। सीधी उड़ान के जरिए इस दूरी को तय करने में लगभग 8 घंटे 35 मिनट का समय लगता है। प्रधानमंत्री के कुछ घंटों में भारत पहुंचने की संभावना है।

Share

Similar Posts