पीएम मोदी आज केरल और तमिलनाडु दौरे पर, 16,450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल और तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों राज्यों में लगभग 16,450 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, रेलवे, ऊर्जा और गैस अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे केरल के एर्नाकुलम में लगभग 10,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद शाम 5:45 बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में करीब 5,650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
केरल में ये परियोजनाएं होंगी शुरू
केरल में प्रधानमंत्री मोदी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की कोच्चि रिफाइनरी में 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली पॉलीप्रोपाइलीन इकाई की आधारशिला रखेंगे।
यह इकाई 400 किलो टन प्रति वर्ष क्षमता वाली होगी और पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण तथा वस्त्र उद्योग के लिए कच्चे माल के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग 66 के थलापडी-चेंगला खंड की छह लेन परियोजना और वेंगलम से रामनट्टुकरा तक कोझिकोड बाईपास की छह लेन परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात सुगमता, सड़क सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित 23 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन भी करेंगे। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित षोरणूर जंक्शन, कुट्टिप्पुरम और चंगनाशेरी रेलवे स्टेशन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके अतिरिक्त षोरणूर-निलांबुर रेलवे लाइन विद्युतीकरण परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा और पलक्कड़-पोल्लाच्चि के बीच नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिससे केरल और तमिलनाडु के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री कोल्लम जिले के वेस्ट कल्लाडा में 50 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे, जो स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देगी।
तमिलनाडु में गैस और रेलवे परियोजनाएं
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में प्रधानमंत्री मोदी BPCL की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिसकी लागत 3,680 करोड़ रुपये से अधिक है। इस परियोजना से नीलगिरि और इरोड जिलों में लाखों घरों को पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा मिलेगी और कई CNG स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के चेन्नई के मणाली स्थित 672 हजार मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाले ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
ग्रामीण संपर्क को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री तमिलनाडु में 370 किलोमीटर लंबी 89 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन करेंगे और एनएच-81 पर गंगईकोंडा चोलापुरम के पास ग्रीनफील्ड बाईपास की आधारशिला रखेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेन और एक यात्री ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे तमिलनाडु में रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।






