फौजी बेटे से बोले पिता- बहू को मार दे: मां से फोन पर कहा- आज डर लग रहा है; सास-ससुर गिरफ्तार

मुरैना। फौजी ने अपने माता-पिता के भड़काने पर पत्नी को गोली मार दी। हत्या से ठीक पहले रानी ने अपनी मां को फोन पर बात की थी। कहां- मां, वह आज बहुत गुस्से मे हैं। सास-ससुर के भड़काने पर बाहर गए हैं। लौटकर फिर मारेगे। मुझे डर लग रहा है।
अहमदाबाद से छुट्टी पर आया था फौजी
आरोपी सोहन उर्फ सोनू सिकरवार भारतीय सेना में पदस्थ है। इन दिनों गुजरात के अहमदाबाद में तैनात था। वह करीब 10 दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर लौटा था। रात 9 बजे सोहन ने अपनी पत्नी रानी तोमर के सिर में गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गोली मारने की वजह बताई।

बेटे को रोकने के बजाय भड़काया
मृतका के परिवार ने ससुरलवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है, घटना के वक्त आरोपी के माता-पिता भी घर पर मौजूद थे। उन्होंने अपने बेटे को रोकने के बजाय भड़काया। पति-पत्नी के बीच विवाद में सास-ससुर लगातार घी डालने का काम करते थे।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
उनका साफ कहना अगर सास-ससुर चाहते, तो बेटे को रोक सकते थे। लेकिन उसे भड़काया जिसके बाद यह कदम उठाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी समेत सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पिता के कमरे में ही रखी थी बंदूक
मृतका की मां ने बताया 5 अगस्त की रात करीब 8:20 बजे रानी का फोन आया था। उसने कहा कि सुबह से उससे पैसों की मांग की जा रही है और घर में झगड़ा चल रहा है। मां ने खाना बनाने के बारे में पूछा तो रानी बोली- “वे आएंगे तब गर्म खाना बनाऊंगी, लेकिन आज डर लग रहा है।” मां का कहना है कि पिस्टल ससुर के कमरे में रखी रहती थी। सोहन वहीं से पिस्टल लेकर आया और गोली चला दी।