| |

पीथमपुर में हादसा: सड़क पार कर रहे मजदूर को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला; मौके पर मौत

पीथमपुर। सेक्टर-1 थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा भिंडिया तालाब के पास दोपहर करीब 1 बजे हुआ, जब युवक पैदल सड़क पार कर रहा था और तभी एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मूल रूप से बैतूल का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान 20 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई है, जो अमित धुर्वे का बेटा था। आकाश मूल रूप से मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के परसोड़ी गांव का रहने वाला था। वह वर्तमान में पीतमपुर में एक क्रशर खदान पर मजदूरी का काम करता था और खदान परिसर में ही निवास करता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, और माता-पिता तथा छोटी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
चालक ट्रक लेकर मौके से फरार, पुलिस की तलाश जारी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए फरार ट्रक व उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
Share