|

पीथमपुर में सरकारी योजनाओं के लिए उमड़ी भीड़: 300 लोगों ने किए आवेदन; हर शुक्रवार को लगेगा शिविर

पीथमपुर। पीथमपुर नगर पालिका परिषद ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड नंबर-1 तारपुरा में जनविश्वास शिविर आयोजित किया। शिविर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सेवंती सुरेश पटेल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आरती गरवाल के नेतृत्व में शासन के निर्देशानुसार लगाया गया।

शिविर में नगर पालिका परिषद के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, सामाजिक न्याय, आईटीआई और विद्युत मंडल सहित विभिन्न विभागों ने भाग लिया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आरती गरवाल ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

योजनाओं के लिए लोगों ने किए आवेदन
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, लाडली लक्ष्मी योजना और मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लिए करीब 300 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित विभागों ने मौके पर आवेदन स्वीकार कर आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई।

आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आरती गरवाल और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सेवंती पटेल ने सभी विभागों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अब ऐसे शिविर प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित किए जाएंगे।

पौधरोपण के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान स्कूल परिसर के पास फलों के पौधों का रोपण भी किया गया।

शिविर में अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री सुरेश पटेल, उपाध्यक्ष श्री पप्पू असोलिया, पार्षद श्री चमन चोपड़ा, पार्षद श्रीमती लीला पथरिया, श्री जाकिर कुरैशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share