पीथमपुर में धरने पर बैठे मजदूर: बोले- तीन महीने से सैलरी नहीं मिली; प्रबंधन के आश्वासन के बाद धरना खत्म

पीथमपुर। वेतन और सुविधाओं की मांग को लेकर मजदूरों ने प्रदर्शन किया। तीन महीने से मजदूरों को सैलरी नहीं मिली है। महिला और पुरुष श्रमिक बड़ी संख्या में कंपनी के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए।
अभी तक भुगतान नहीं किया
मामला सेक्टर-3 स्थित रीट स्पिन धागा कंपनी का है। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से हर बार वेतन भुगतान का आश्वासन दिया जाता है। अभी तक भुगतान नहीं किया गया। वेतन नहीं मिलने से घर का जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।
मकान मालिक किराया मांग रहे
महिला श्रमिक मीनू ने बताया कि कई कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मकान मालिक किराया मांग रहे हैं। कंपनी की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है। श्रमिकों ने कंपनी पर मूलभूत सुविधाएं नहीं देना का भी आरोप लगाया।
आश्वासन मिलने पर खत्म किया धरना
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पीथमपुर सेक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बातचीत कराई। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने जल्द बकाया वेतन का भुगतान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद श्रमिकों ने धरना खत्म कर दिया।