पीथमपुर में चाकू की नोक पर बाइक और नकदी लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद
पीथमपुर में चाकू की नोक पर बाइक और नकदी लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और एक धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:15 बजे बेटमा निवासी 18 वर्षीय वंश सोलंकी सेक्टर-3 स्थित क्लिक होटल के पीछे वाली गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो बदमाशों ने उन्हें रोककर चाकू से हमला किया और घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उनसे ₹2,000 नकद और हीरो होंडा शाइन मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद 10 जुलाई को थाना पीथमपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय मंजू लोधी, निवासी सागर, और 20 वर्षीय शिवा अलावा, निवासी अलीराजपुर, के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में पीथमपुर के सेक्टर-3 में रह रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में प्रयुक्त टीवीएस राइडर बाइक और एक चाकू जब्त किया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।