| |

इंदौर जू में 14D थिएटर देखने उमड़ी भीड़: बाहर लगी लंबी कतारें, पार्किंग फुल; मुख्य सड़क पर घंटों जाम से लोग परेशान

इंदौर। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में बने 14D थिएटर को देखने के लिए शनिवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही जू के बाहर लोगों की लंबी कतार लग गई। पार्किंग भी पूरी तरह भर गई। इंदौर के साथ मंदसौर, बिहार, जबलपुर और आसपास के शहरों से भी लोग 14D थिएटर देखने पहुंचे। लोगों की संख्या बढ़ने के साथ जू के सामने मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया।

वाहन रेंगते नजर आए
जाम इतना बढ़ गया कि सड़क पर वाहन चलने के बजाय रेंगते नजर आए। कई लोगों को काफी देर तक जाम में फँसे रहना पड़ा। एम्बुलेंस, स्कूल बस और दूसरे जरूरी वाहन भी जाम में फंसे रहे। सुबह से दोपहर तक सड़क पर यही स्थिति बनी रही। जू पहुंचने वाले लोगों के साथ आम वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

यातायात पुलिस की व्यवस्था पर सवाल
भीड़ बढ़ने के बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। आरोप है कि मौके पर मौजूद यातायात पुलिस के कुछ जवान व्यवस्था संभालने के बजाय वीडियो बनाने में व्यस्त नजर आए। इस दौरान सड़क पर जाम लगातार बढ़ता रहा। 14D थिएटर का आकर्षण लोगों को जू तक खींच लाया। लेकिन बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के लिए पर्याप्त पार्किंग और यातायात व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ गई।

Share