दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर ट्रक-पिकअप की टक्कर: ड्राइवर जिंदा जला; परिजन और ग्रामीणों ने लगाया जाम

झाबुआ। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे के पहुंच मार्ग (लिंक रोड) पर शुक्रवार रात एक पिकअप गाड़ी और तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में पिकअप चालक को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। वह गाड़ी के अंदर ही जिंदा जल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अंधेरे में भागा ट्रक ड्राइवर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक ट्रक एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ रहा था, तभी सामने से आ रही पिकअप से उसकी सीधी टक्कर हो गई। जोरदार धमाके के साथ दोनों वाहनों से आग की लपटें उठने लगीं।
पिकअप सवार मियाटी निवासी तेरू खिमा भाबर गाड़ी के केबिन में ही बुरी तरह फंस गए और आग की चपेट में आने से उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक अपने वाहन को जलता हुआ छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
आए दिन होते हैं हादसे
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे और उसके पहुंच मार्ग पर आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। एक्सप्रेसवे लिंक रोड की चौड़ाई बहुत कम है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। संकरे रास्ते पर मोड़ और रफ्तार का तालमेल न बैठने से अक्सर वाहन आमने-सामने आ जाते हैं। इसलिए यहां बड़े हादसे होते रहते हैं।

युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने लगाया जाम
दुर्घटना में पिकअप चालक तेरू खिमा भाबर की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामवासियों ने एक्सप्रेसवे के पहुंच मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों के साथ ही ट्रक और अन्य वाहन भी जाम में फंसे हुए हैं। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

परिजन और ग्रामीणों सड़क पर बैठे
गांववासियों का आरोप है कि रात में ट्रक चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ और इसमें पिकअप सवार युवक की जान चली गई। घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए सड़क पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और मार्ग को अवरुद्ध कर दिया।
जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जाम खुलवाने के लिए प्रशासन ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर रहा है। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल और वज्र वाहन भी मौके पर तैनात किया गया है। फिलहाल पहुंच मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।

हादसे की तस्वीरें….



फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता फिर से शुरू करवाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहा है।