पीथमपुर में भगवान देवनारायण की भव्य शोभायात्रा: 3 से 4 हजार श्रद्धालु हुए शामिल; फूल बरसाकर किया स्वागत

पीथमपुर (धार)। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में भगवान देवनारायण की विशाल शोभायात्रा धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। पिछले 10 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस वार्षिक यात्रा में इस बार भी बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार करीब 3 से 4 हजार लोगों ने यात्रा में सहभागिता की।
शोभायात्रा देवश्री कॉलोनी स्थित भगवान देवनारायण मंदिर से शुरू हुई। यहां से यात्रा पीथमपुर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जयनगर स्थित संगम गार्डन पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
यात्रा के दौरान महिला और पुरुष श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल नजर आया। जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए और श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
राठौड़ समाज के युवा ने लगाया स्वागत मंच
यात्रा के दौरान राठौड़ समाज के युवा नितेश मीनू राठौड़ ने विशेष रूप से स्वागत मंच लगाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यात्रा मार्ग पर समाजजनों और स्थानीय लोगों ने भी श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।
3 से 4 हजार श्रद्धालु हुए शामिल
जिला अध्यक्ष सुखदेव पटेल ने बताया कि भगवान देवनारायण की यह वार्षिक यात्रा पिछले 10 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। हर साल समाज के लोग और भगवान के भक्त बड़ी संख्या में इसमें शामिल होते हैं। इस वर्ष करीब 3 से 4 हजार श्रद्धालुओं ने यात्रा में सहभागिता की।
समापन पर श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसाद
जयनगर स्थित संगम गार्डन में शोभायात्रा का समापन हुआ। यहां श्रद्धालुओं और समाजजनों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। हजारों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।