पीजीटीआई ‘72 द लीग’ के लिए 170 प्रोफेशनल गोल्फर नीलामी में शामिल, 21 फरवरी से होगा आगाज़

प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) ने अपनी बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय प्रोफेशनल गोल्फ लीग PGTI 72 The League के पहले संस्करण के लिए 170 शीर्ष प्रोफेशनल गोल्फरों की नीलामी की घोषणा की है। भारत में प्रोफेशनल गोल्फ के इतिहास में यह पहली बार होगा जब खिलाड़ियों की इस तरह की बड़ी नीलामी आयोजित की जा रही है, जिसमें 11 देशों के प्रमुख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
लीग के लिए कुल 60 स्थान निर्धारित हैं। छह शहर-आधारित फ्रेंचाइजी अपनी टीमों के लिए 10-10 गोल्फर चुनेंगी। नीलामी की कुल राशि 6 करोड़ रुपये तय की गई है। नीलामी के लिए पंजीकृत खिलाड़ियों को प्लैटिनम, गोल्ड और सिल्वर—तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जो पीजीटीआई 2025 ऑर्डर ऑफ मेरिट के आधार पर तय होंगी। शीर्ष 30 खिलाड़ी प्लैटिनम, 31 से 60 रैंक वाले गोल्ड और बाकी खिलाड़ी सिल्वर श्रेणी में शामिल होंगे।
भारत की पहली विशेष राष्ट्रीय प्रोफेशनल गोल्फ लीग 72 द लीग का आयोजन 21 फरवरी 2026 से शुरू होकर 6 मार्च 2026 तक चलेगा। टूर्नामेंट के मुकाबले दिल्ली-एनसीआर के प्रतिष्ठित गोल्फ कोर्स—क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब, जेपी ग्रीन्स गोल्फ कोर्स और कुतुब गोल्फ कोर्स—में खेले जाएंगे।
इस लीग में पीजीटीआई सर्किट के अग्रणी गोल्फर भाग लेंगे, जिससे भारतीय प्रोफेशनल गोल्फ को एक बड़ा प्रतिस्पर्धी मंच मिलने की उम्मीद है। टूर्नामेंट को तेज गति वाले हाई-इम्पैक्ट मैच-प्ले प्रारूप में आयोजित किया जाएगा, जिसे खास तौर पर टेलीविजन और डिजिटल दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि PGTI 72 The League भारतीय गोल्फ के व्यावसायिक विकास और लोकप्रियता को नई दिशा दे सकती है तथा देश में इस खेल के लिए नए अवसर पैदा करेगी।






