| |

इस वर्ष स्थापना दिवस की थीम होगी “उद्योग एवं रोजगार”: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

1 नवम्बर से 25 दिसंबर तक मनाया जाएगा राज्योत्सव, अटल जी की जयंती तक होंगे अनेक कार्यक्रम

इंदौर, 14 अक्टूबर 2025।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक से पूर्व अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की थीम “उद्योग एवं रोजगार” होगी।
उन्होंने बताया कि 1 नवम्बर से 25 दिसंबर (अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती) तक राज्योत्सव के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में “आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश” विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें उद्योग लगाने वालों से लेकर रोजगार पाने वालों तक को शामिल किया जाए।

डॉ. यादव ने आगे कहा कि दीपावली (20 अक्टूबर) और गोवर्धन पूजा (21 अक्टूबर) जैसे आगामी त्योहारों में लोक परंपरा के अनुरूप सामूहिक आयोजन किए जाएं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में भावांतर योजना के तहत किसानों का पंजीयन 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक जारी है। यदि किसानों की उपज एमएसपी से कम मूल्य पर बिकती है तो घाटे की भरपाई सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। इस योजना से

  • इटारसी-भोपाल-बीना (237 किमी) चौथी लाइन

  • बड़ोदरा-रतलाम (259 किमी) तीसरी व चौथी लाइन
    को मंजूरी मिली है। इससे पर्यटन, कोयला, सीमेंट, कंटेनर, इस्पात और खाद्यान्न परिवहन को नया बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 13 अक्टूबर को भोपाल में हुए एमएसएमई सम्मेलन में:

  • 700 इकाइयों को 197 करोड़ रु. की प्रोत्साहन राशि वितरित

  • 63 स्टार्टअप्स को EIR योजना के तहत 1 करोड़ रु. से अधिक की सहायता राशि

  • 237 उद्यमियों को भू-आवंटन आशय पत्र

  • मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 5084 युवाओं को 347 करोड़ रु. की बैंक सहायता राशि प्रदान की गई।

डॉ. यादव ने बताया कि हाल ही में भोपाल में हुई कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में कानून व्यवस्था, औद्योगिक निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुशासन और कृषि जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा की गई और जिलों में हुए नवाचारों का प्रस्तुतीकरण भी हुआ।

 

Share

Similar Posts