भोपाल: 5वें राज्य स्तरीय स्वच्छता समग्र समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे स्वच्छता सम्मान प्रदान

भोपाल, 13 अक्टूबर 2025।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा कल, मंगलवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में 5वां राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह एवं कार्यशाला “स्वच्छता समग्र” आयोजित किया जा रहा है।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उल्लेखनीय कार्य करने वाले नगरीय निकायों को स्वच्छता सम्मान प्रदान करेंगे। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी भी उपस्थित रहेंगी।
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास संकेत भोंडवे ने बताया कि कार्यक्रम में स्वच्छता पखवाड़ा पर आधारित विशेष फिल्म और स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 के डिजिटल पोस्टर का लोकार्पण किया जाएगा।
समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे द्वारा स्वच्छ भारत मिशन एवं प्रदेश के शहरी विकास के रोडमैप की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी। सुबह 8 बजे से होने वाले सत्रों में भोपाल, इंदौर, छिंदवाड़ा और ग्वालियर के महापौरों सहित वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्रीय विशेषज्ञ संबोधित करेंगे।






