पीएम गतिशक्ति ने लक्ष्यों की बड़े स्तर पर योजना बनाने और उसके विस्तृत कार्यान्वयन के बीच सेतु का काम किया है: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर 2025।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि पीएम गतिशक्ति ने लक्ष्यों की बड़े स्तर पर योजना बनाने और उसके विस्तृत कार्यान्वयन के बीच सेतु का काम किया है। यह बात उन्होंने पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कही।
पीयूष गोयल ने बताया कि यह पहल सरकार और शासन के हर क्षेत्र को आगे बढ़ाती है और एकीकृत योजना और क्षेत्र आधारित विकास के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 की यात्रा में इस पहल की बड़ी भूमिका है।
उन्होंने पिछले चार वर्ष में विभिन्न क्षेत्रों में इस पहल के विस्तार का उल्लेख करते हुए पीएम गतिशक्ति सार्वजनिक मंच, पीएम गतिशक्ति ऑफशोर, एनएमपी डैशबोर्ड सहित कई पहलों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वाणिज्य और उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि पीएम गतिशक्ति एकीकृत, प्रौद्योगिकी संचालित शासन के प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि इस पहल का विस्तार 16 से 56 विभागों तक हुआ है और मंत्रालयों और राज्यों के बीच समन्वित कार्य की परिपाटी शुरू हुई है।






