भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास “ऑस्ट्राहिंद 2025” का चौथा संस्करण पर्थ में होगा शुरू

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर 2025।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला संयुक्त सैन्य अभ्यास “ऑस्ट्राहिंद 2025” का चौथा संस्करण कल से ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में शुरू होगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारतीय सेना की 120 सदस्यीय टुकड़ी इस वार्षिक अभ्यास में भाग लेने के लिए रवाना हो चुकी है। यह अभ्यास 26 अक्टूबर तक चलेगा।
भारतीय दल का नेतृत्व गोरखा राइफल्स की एक बटालियन कर रही है, जिसमें अन्य शाखाओं के सैनिक भी शामिल हैं।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सैन्य सहयोग को बढ़ाना और अंतर-संचालन क्षमता (Interoperability) को मजबूत करना है।
यह अभ्यास खुले और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में संयुक्त कंपनी-स्तरीय अभियानों पर केंद्रित होगा। इसमें दोनों देशों के सैनिक संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास, और विशेष हथियार कौशल मिशन को अंजाम देंगे।
साथ ही, यह मंच सैनिकों को उप-पारंपरिक युद्ध रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करने का अवसर भी देगा।






