NDPS एक्ट में फरार आरोपी गिरफ्तार: इंदौर क्राइम ब्रांच पूरे नेटवर्क की कर रही तलाश; 54 मामलों में 114 आरोपियों को पकड़ा

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने फरार चल रहे आरोपी आदर्श भदौरिया को गिरफ्तार किया। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार था। पुलिस ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
आरोपी का नाम आदर्श भदौरिया है। उसे उज्जैन जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों से पूछताछ के दौरान नाम सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 53.57 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) और मोटरसाइकिल जब्त की थी।
ड्रग्स सप्लायर और नेटवर्क की पड़ताल
पुलिस अब आदर्श भदौरिया से पूछताछ कर रही है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई जाती थी। इसका सप्लायर कौन है। इसके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
7 महीने में 54 मामले, 114 आरोपी गिरफ्तार
इंदौर क्राइम ब्रांच ने 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 54 मामलों में 114 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स, गांजा, भांग, ब्राउन शुगर, कोकीन, अवैध हथियार और करीब 2.96 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया है। शहर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। ड्रग्स तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। -राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी