नाबालिग को शादी का झांसा देकर धार ले गया युवक: 8 दिन कमरे में रखा बंद; कुछ दिन बात नहीं हुई तो युवती तालाब में कूदी

धार। जिले में नाबालिग युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शोषण किया। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे धार लेकर गया था। यहां एक कमरे में कई दिनों तक उसे रखा गया। बाद में आरोपी ने उससे संपर्क तोड़ दिया।
इससे परेशान होकर युवती ने अमझेरा तालाब में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के अगले दिन युवती ने अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी बात बताई।
दोस्त को भेजकर युवती को भगा लाया आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो साल से निलेश डावर निवासी उमरिया बड़ा को जानती थी। दोनों की पहचान एक रिश्तेदार की शादी के दौरान हुई थी। इसके बाद मोबाइल के जरिए बातचीत होने लगी और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। युवती की सगाई कुछ महीने पहले आकाश निवासी मोगजीपाड़ा से तय हुई थी।
उसकी शादी 2 अप्रैल 2026 को होना थी। इसकी जानकारी निलेश को हुई तो उसने युवती से शादी नहीं करने और उससे शादी करने की बात कही। 24 मार्च को युवती अपने पिता के साथ राजगढ़ शादी की खरीदारी के लिए गई थी। इसकी जानकारी उसने निलेश को भी दी थी। आरोप है कि निलेश ने अपने दोस्त बलराम को बाइक लेकर भेजा। इसके बाद युवती उसके साथ धार चली गई।
धार में कई दिनों तक रखा
पीड़िता के अनुसार, धार पहुंचने के बाद उसे एक परिचित के कमरे पर ले जाया गया। यहां उसे करीब आठ दिनों तक रखा गया। युवती ने आरोप लगाया कि इस दौरान निलेश ने उसका शोषण किया। इसके बाद निलेश ने परिवार को शक नहीं होने की बात कहते हुए लगातार संपर्क में रहने की बात कही। कुछ दिनों तक वह तीन-चार दिन में आता रहा। युवती ने यह भी बताया कि आरोपी का दोस्त गोपाल भी वहां आता था और उसे पूरे मामले की जानकारी थी।
संपर्क टूटने से मानसिक रूप से परेशान हुई
युवती के मुताबिक, कुछ समय बाद निलेश ने उससे मिलना बंद कर दिया। उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया। करीब दो महीने तक निलेश से संपर्क नहीं हुआ। 26 अगस्त को युवती धार से बस से अमझेरा पहुंची। उसने निलेश से मिलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद वह अमझेरा तालाब की पाल पर पहुंची और मानसिक परेशानी के चलते पानी में छलांग लगा दी।
आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी में देखा। लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना की रात युवती काफी डरी हुई थी। अगले दिन 27 अगस्त को उसने अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
जीरो पर कायमी, राजगढ़ पुलिस को जांच
अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि युवती को तालाब से सुरक्षित बाहर निकालकर अमझेरा अस्पताल में उपचार कराया गया। अब उसकी हालत ठीक है। घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी गई थी। अमझेरा पुलिस ने जीरो पर कायमी कर प्रकरण को राजगढ़ थाने भेज दिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश
राजगढ़ पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आरोपी आकाश पिता बंशीलाल उम्र 22 वर्ष और गोपाल पिता हेमालाल उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों की भूमिका की जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी निलेश की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के भी प्रयास जारी हैं।
थाना प्रभारी बोले- सहयोगी दो आरोपी गिरफ्तार
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि युवती के बयान अमझेरा थाने में दर्ज किए गए थे। उनके अनुसार, युवती को आरोपी का दोस्त अपने साथ लेकर गया था। परिचित के घर पर उसके साथ शोषण हुआ। उन्होंने बताया कि प्रकरण दर्ज कर सहयोगी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।