मुरैना में सैनिक ने पत्नी को मारी गोली: 10 दिन पहले छुट्टी पर आया था जवान; 6 साल की बेटी भी है

मुरैना। सेना के एक जवान ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। सैनिक छुट्टी पर घर आया था। पुलिस ने आरोपी जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में छुट्टी पर घर आए सेना के एक जवान पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।

सिर में दो गोलियां लगने से हुई मौत
घटना अंबाह थाना क्षेत्र के खजूरी रोड इलाके में बुधवार देर रात हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोनू सिकरवार ने अपनी पत्नी रानी के सिर में दो गोलियां चलाईं। गंभीर चोट लगने से रानी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

10 दिन पहले छुट्टी पर आया था जवान
एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया कि आरोपी सोनू सिकरवार वर्ष 2016 में सेना में भर्ती हुआ था और करीब 10 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आया था। पुलिस पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मायके पक्ष ने किया प्रदर्शन
गुरुवार सुबह मृतका के परिजन अंबाह थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।

छह साल की एक बेटी भी
मृतका के पिता रमेश तोमर ने बताया कि वर्ष 2018 में रानी की शादी सोनू सिकरवार से हुई थी। दंपती की छह साल की एक बेटी भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार रात घटना की जानकारी मिलने के बाद वे थाने पहुंचे। उनका कहना है कि शुरुआत में पुलिस केवल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर रही थी, लेकिन बाद में उसके माता-पिता को भी प्रकरण में शामिल किया गया।
मामले की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।