ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एम.पी. ट्रांसको के नव-नियुक्त अभियंताओं को वर्चुअल समारोह में सौंपे नियुक्ति पत्र

इंदौर, 29 अक्टूबर 2025 —
मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) में चयनित 9 नव-नियुक्त अभियंताओं को राज्य के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित वर्चुअल समारोह में ऑनलाइन नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 6 सहायक अभियंता (सिविल) और 3 सहायक अभियंता (ट्रांसमिशन) शामिल हैं।

इस अवसर पर श्री तोमर ने नवनियुक्त अभियंताओं को बधाई देते हुए कहा कि —
“ऊर्जा क्षेत्र राज्य की प्रगति की रीढ़ है। नई पीढ़ी के अभियंता अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘ऊर्जा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश’ के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएँगे।”
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की व्यक्तिगत पहल के परिणामस्वरूप ही प्रदेश की विद्युत कंपनियों में रोजगार सृजन की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से ऑनलाइन संवाद करते हुए उन्हें निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
सचिव ऊर्जा श्री विशेष गढ़पाले ने नवनियुक्त अभियंताओं को शुभकामनाएँ दीं और कहा —
“नौकरी के आरंभिक प्रशिक्षण को अत्यंत गंभीरता से लें, क्योंकि यही चरण कैरियर की दिशा और पहचान तय करता है।”
वहीं एम.पी. ट्रांसको के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने अपने संबोधन में कहा —
“कंपनी प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर देकर अपनी तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ कर रही है। हमें विश्वास है कि नए अभियंता एम.पी. ट्रांसको को देश की अग्रणी ट्रांसमिशन कंपनियों में बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।”
कार्यक्रम में एम.पी. ट्रांसको मुख्यालय जबलपुर से प्रबंध संचालक श्री तिवारी, मुख्य अभियंता (मानव संसाधन एवं प्रशासन) धीरेन्द्र सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






