दतिया में दूसरी बार कमल मुरझाया: आशुतोष तिवारी को घनश्याम सिंह ने 6056 वोटों से हराया; नरोत्तम मिश्रा के बूथ की भी हार

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है। मतगणना के सभी 15 राउंड पूरे होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों से किया। घनश्याम सिंह शुरुआत से ही बढ़त बनाए रहे और अंत तक भाजपा उन्हें चुनौती नहीं दे सकी।
आखिरी राउंड में जीत का अंतर घटा
मतगणना के नौवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9519 वोटों की हो गई थी। 14वें राउंड में कांग्रेस को 6614 और भाजपा को 3100 वोट मिले थे, जिससे लीड 7459 वोट रह गई थी। बाद के राउंड में जीत का अंतर और घटा। अंतिम परिणाम में कांग्रेस 6056 वोटों से विजयी रही।
30 जुलाई को हुए उपचुनाव में 71.44 % मतदान दर्ज किया गया था। मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस चुनाव में कांग्रेस के घनश्याम सिंह और भाजपा के आशुतोष तिवारी के अलावा आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव सहित कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे।
इस लिए उपचुनाव चुनाव हुए
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद कराया गया। दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें धोखाधड़ी के मामले में तीन वर्ष की सजा सुनाई थी, जिसके चलते उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो गई।
2023 में नरोत्तम मिश्रा को मिली थी हार
2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,700 से अधिक वोटों से हराया था। इस उपचुनाव में भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया और उनकी जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया। बावजूद इसके भाजपा सीट दोबारा हासिल करने में सफल नहीं हो सकी।