| |

मप्रः सदानीरा समागम में आज मुख्यमंत्री के साथ साइप्रस, फ़िजी और मैक्सिको दूतावास के अतिथि होंगे शामिल

राजधानी भोपाल में वीर भारत न्यास द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय सदानीरा समागम का आयोजन जारी है। सोमवार शाम आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम में साइप्रस, फ़िजी और मैक्सिको दूतावास के प्रतिनिधि भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि समागम के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला भी आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, भारतीय संस्कृति और वैश्विक सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना है।

सांस्कृतिक संध्या में पूर्व रंग मंच पर छतरपुर की लोक कलाकार अनामिका पांडे एवं उनके साथी बुंदेली लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। वहीं अंतरंग सभागार में दक्षिण कोरिया के प्रसिद्ध समूह ‘मुट डांस कंपनी’ द्वारा तैयार नाट्य प्रस्तुति ‘क्रिटिकल पॉइंट’ का मंचन किया जाएगा।

इसके अलावा बहिरंग मंच पर भुवनेश्वर के कलाकार विचित्रानंद के निर्देशन में नृत्य नाटिका ‘जल दर्पण’ प्रस्तुत की जाएगी। यह प्रस्तुति जल संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश देगी।

सदानीरा समागम के माध्यम से जल संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

Share

Similar Posts