|

मप्र में RTE के तहत आज निकलेगी ऑनलाइन लॉटरी, 1.22 लाख सीटों पर मिलेगा मुफ्त प्रवेश

मध्य प्रदेश में आज गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए निजी स्कूलों में मुफ्त प्रवेश की प्रक्रिया का अहम चरण पूरा होगा। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा गुरुवार दोपहर 2 बजे शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी।

यह लॉटरी पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी, जिसका सीधा प्रसारण राज्य शिक्षा केन्द्र के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। आवेदक दोपहर 2:15 बजे के बाद RTE पोर्टल पर जाकर अपने बच्चे को आवंटित स्कूल की जानकारी देख सकेंगे और आवंटन पत्र डाउनलोड कर पाएंगे। साथ ही पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए भी सूचना भेजी जाएगी।

इस योजना के तहत गैर अनुदान प्राप्त निजी विद्यालयों में वंचित और कमजोर वर्ग के बच्चों को कक्षा-1 या प्री-स्कूल में न्यूनतम 25 प्रतिशत सीटों पर मुफ्त प्रवेश दिया जाता है।

इस वर्ष करीब 1,78,714 बच्चे ऑनलाइन लॉटरी के लिए पात्र पाए गए हैं, जिनमें से चयनित बच्चों को प्रदेश के लगभग 22,000 निजी स्कूलों की 1,22,551 सीटों पर प्रवेश मिलेगा।

लॉटरी के बाद चयनित बच्चों के अभिभावक 3 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 के बीच संबंधित स्कूलों में जाकर अपने बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित कर सकेंगे।

यह पहल राज्य में शिक्षा के अवसरों को समान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा तक पहुंच मिल सकेगी।

Share

Similar Posts