|

मध्यप्रदेश के 18 फार्मा उद्योगपति हैदराबाद के फार्मा SEZ क्लस्टर के लिए रवाना, RAMP योजना के तहत एक्सपोज़र विज़िट शुरू

मध्यप्रदेश के फार्मा उद्योगपतियों का 18 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज इंदौर से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा विश्व बैंक समर्थित RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के तहत आयोजित की जा रही है। इस दो दिवसीय एक्सपोज़र विज़िट का आयोजन 5 से 7 नवम्बर तक किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य फार्मा क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को अत्याधुनिक औद्योगिक प्रक्रियाओं और अंतरराष्ट्रीय मानकों से परिचित कराना है।

इस दल को सांसद श्री शंकर लालवानी और संयुक्त संचालक उद्योग श्री समरथ सिंह मंडलोई ने इंदौर एयरपोर्ट से शुभकामनाओं सहित रवाना किया।
कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम (MPLUN) एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा किया जा रहा है, जबकि PHD चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) सहयोगी संस्था के रूप में भागीदार है।

जिला उद्योग केंद्र इंदौर के महाप्रबंधक श्री स्वप्निल गर्ग ने बताया कि इस विज़िट से राज्य के फार्मा उद्यमों को उन्नत उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण, अंतरराष्ट्रीय मानकों और नवाचार आधारित औद्योगिक प्रथाओं की जानकारी प्राप्त होगी।

प्रतिनिधिमंडल में 9 उद्योगपति इंदौर से, 2 पीथमपुर से, 2 मलानपुर से, 3 भोपाल से, 1 भिंड से और 1 देवास से शामिल हैं। दल हैदराबाद फार्मा SEZ की अग्रणी कंपनियों — जैसे ऑरोबिंदो फार्मा, हेटेरो लैब्स और यूजिया फार्मा — का भ्रमण करेगा।

यह पहल राज्य के फार्मा MSME उद्यमों को नवीन तकनीक, गुणवत्ता सुधार, उद्योग सहयोग और निर्यात क्षमता वृद्धि की दिशा में सशक्त बनाएगी। पूरी विज़िट निःशुल्क है, जिसमें फ्लाइट, होटल और भोजन आदि का व्यय शासन द्वारा वहन किया जा रहा है। यह प्रयास मध्यप्रदेश को फार्मा उद्योग के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share

Similar Posts