सतना रेलवे स्टेशन में हुई लड़ाई: भाई-बहन ने होटल कर्मचारी को पीटा; मां-बहन की गालियां देने का आरोप

सतना। रेलवे स्टेशन परिसर में सत्यम होटल के सामने सोमवार रात करीब 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने कथित अभद्रता और गाली-गलौज से नाराज होकर होटल कर्मचारी की जमकर पिटाई कर दी। घटना करीब 10 से 15 मिनट तक चलती रही और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
युवती के पिता अस्पताल में भर्ती हैं। वह अपने भाई के साथ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित होटल में खाना लेने पहुंची थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर होटल कर्मचारी से उसका विवाद हो गया।
मां-बहन की गालियां देने का आरोप
युवती का आरोप है कि होटल कर्मचारी ने उससे अभद्र व्यवहार किया और मां-बहन की अश्लील गालियां दीं। यह सुनते ही युवती का गुस्सा भड़क गया और उसने कर्मचारी को थप्पड़ और लात मारना शुरू कर दिया।
लोगो के अनुसार युवती के आक्रामक तेवर देखकर होटल कर्मचारी पीछे हट गया, लेकिन विवाद काफी देर तक चलता रहा। आसपास मौजूद लोग घटना का वीडियो बनाते और तमाशा देखते रहे।
हाथ जोड़कर मांगी माफी, तब शांत हुआ मामला
करीब 15 मिनट तक चले हंगामे के बाद होटल कर्मचारी ने कथित रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए युवती से हाथ जोड़कर माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत हुआ और युवती अपने भाई के साथ वहां से चली गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना सतना रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त इलाके में हुई, जहां आमतौर पर RPF, GRP और जिला पुलिस की मौजूदगी रहती है। इसके बावजूद इतनी देर तक हंगामा और मारपीट चलने के बाद भी सुरक्षा एजेंसियों के मौके पर नहीं पहुंचने से रेलवे स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन परिसर में अक्सर देर रात भीड़ रहती है, ऐसे में सुरक्षा बलों की सतर्कता और गश्त बढ़ाने की जरूरत है। घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है।