मप्र में मानसून की एंट्री में होगी देरी, 20-22 जून के बीच दस्तक के आसार, अगले 4 दिन ओले-बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में इस वर्ष मानसून की एंट्री तय समय से कुछ दिन देरी से होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून 20 से 22 जून के बीच दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही जून महीने में सामान्य से कम वर्षा होने का अनुमान भी जताया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मई महीने में प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। जहां आमतौर पर मई में करीब 18 मिमी वर्षा होती है, वहीं इस बार लगभग सवा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से करीब 56 प्रतिशत अधिक है। मई के दौरान प्रदेश ने भीषण गर्मी के साथ तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का भी सामना किया।
अगले चार दिन मौसम रहेगा सक्रिय
प्रदेश में जून की शुरुआत भी बदले हुए मौसम के साथ हो रही है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
सोमवार को धार और खरगोन जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
तापमान में आई गिरावट
नौतपा के सातवें दिन भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। इसके चलते अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।
रविवार को शाजापुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान
- इंदौर – 36.3 डिग्री सेल्सियस
- जबलपुर – 36.4 डिग्री सेल्सियस
- ग्वालियर – 37.5 डिग्री सेल्सियस
- उज्जैन – 37.5 डिग्री सेल्सियस
- भोपाल – 38 डिग्री सेल्सियस
राजगढ़, शाजापुर और नरसिंहपुर को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
जून में सामान्य से कम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार इस बार जून महीने में मानसूनी वर्षा सामान्य से कम रह सकती है। अनुमान है कि प्रदेश में औसत वर्षा का लगभग 90 प्रतिशत ही रिकॉर्ड किया जाएगा। हालांकि 1 से 4 जून के बीच प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंधी, बारिश और बादलों का असर बना रहेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।






