| | | |

पेपर लीक-बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस की साइक्लोथॉन: जीतू पटवारी इंदौर से भोपाल तक चलाएंगे साइकिल

नीट यूजी की परीक्षा, सीबीएसई एग्जाम में गड़बड़ी पेपर लीक बेरोजगारी जैसी समस्याओं को लेकर एमपी कांग्रेस इंदौर से भोपाल तक साइक्लोथॉन यानी साइकिल यात्रा निकालने जा रही है। एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी खुद इस पूरी यात्रा का नेतृत्व करते हुए साइकिल चलाते हुए दो दिनों में इंदौर से भोपाल तक का सफर तय करेंगे।

इंदौर में RNT मार्ग से शुरू होगी यात्रा

14 जुलाई को सुबह करीब 8 बजे इंदौर के डीएवीवी के करीब RNT (रवीन्द्र नाथ टैगोर) मार्ग से यात्रा शुरू होगी। इंदौर में एजुकेशनल इंस्टीट्यूट्स का यह सबसे बड़ा सेंटर है। कांग्रेस यहां से छात्रों की समस्याओं और सरकार की अव्यवस्थाओं के कारण हो रहे पेपर लीक को लेकर बड़ा संदेश देगी।

कई जिलों में 500 साइकिल यात्री में जुड़ेंगे

इंदौर से भोपाल तक रास्ते में पड़ने वाले हर जिले से 500 साइकिल यात्री इस यात्रा में जुड़ेंगे। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिले को मिलाकर दो हजार से ज्यादा साइकिल यात्रियों के साथ जीतू पटवारी भोपाल पहुंचेंगे।

स्थानीय साइकिल यात्रियों की लिस्ट भी बनाई जा रही है

इंदौर से लेकर भोपाल तक जीतू पटवारी के साथ आने वाले स्थाई साइकिल यात्रियों की लिस्ट बन रही है। इंदौर के साइकिल रेसर ग्रुप, फिटनेस क्लब के मेंबर्स भी इस यात्रा में साथ आएंगे।

यहां होगा विश्राम

इंदौर से चलने के बाद पहले दिन की यात्रा का विश्राम सीहोर जिले के आष्टा कस्बे के गोकुलधाम मैरिज गार्डन में होगा। इसके अगले दिन यानी 15 जुलाई को कोठरी कस्बे से फिर साइकिल यात्रा शुरू होगी।

भोपाल में समापन, प्रशासन नहीं दे रहा मंजूरी

यात्रा के समन्वयक आनंद जाट ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस की यह मंशा है कि इंदौर में शिक्षा के केन्द्र आरएनटी मार्ग ये छात्रों के बीच संवाद करके यह यात्रा शुरू हो और मप्र में जिस व्यापमं नाम की संस्था ने हजारों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। उस व्यापमं चौराहे पर इसका समापन हो। लेकिन प्रशासन अनुमति नहीं दे रहा है। भोपाल में हमने व्यापंम चौराहा, लिली टॉकीज चौराहा, इमामी गेट विकल्प के तौर पर समापन कार्यक्रम के लिए बताए हैं लेकिन प्रशासन मोतिया तालाब के सामने अनुमति दे रहा है।

 

 

Share