रीवा में मोबाइल पर बात करते-करते नहर में गिरा: गहरे पानी में डूबने से हुई मौत; SDRF टीम ने ढूंढा शव

रीवा | नहर में डूबे युवक का शव SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बरामद कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और नहर में तलाश शुरू की गई।मंगलवार को समान थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक नहर में गिरकर डूब गया है। सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन निरीक्षक विकास कुमार पांडेय के नेतृत्व में SDRF की छह सदस्यीय टीम घटनास्थल पहुंची।
टीम ने नहर में सर्चिंग अभियान चलाया और कुछ समय बाद युवक का शव बरामद कर लिया।मृतक की पहचान कौशलेंद्र उपाध्याय (30) पिता इंद्रावली उपाध्याय, निवासी ग्राम रतहरी के रूप में हुई है। शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
नहर किनारे बैठकर मोबाइल पर कर रहा था बात
परिजन वीरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि कौशलेंद्र नहर किनारे बैठकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में गिर गया। उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह पानी से बाहर नहीं निकल सका।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और SDRF टीम
थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एसडीआरएफ की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।