मंदिर में लगी LED स्क्रीन पर चली उर्दू की आयतें: इंदौर पुलिस बोली- संचालक ने गलत पेन ड्राइव लगाई; फ्लैश होते ही बदली

इंदौर। बांके बिहारी मंदिर के बाहर लगी LED स्क्रीन पर उर्दू की आयतें चलने लगी। इस दौरान किसी ने स्क्रीन का वीडियो बना लिया। वायरल होने के बाद हिंदू संगठन ने आपत्ति जताई है।
पुलिस से शिकायत कर जांच की मांग की है। पुलिस की जांच में पता चला है कि डिस्प्ले संचालक की लापरवाही के कारण ऐसा हुआ है। स्क्रीन पर डिस्प्ले हो हो रही लाइन कुरान की आयतें हैं।
बताया गया कि संचालक टेस्टिंग के दौरान गलत पेन ड्राइव लगा दिया था। जैसे ही आयतें चली तुरंत बदल दिया। पुलिस जांच कर रही है कि स्क्रीन का संचालन करने की जिम्मेदारी किसके पास थी।
जानबूझकर नहीं चलाया था
ADCP राजेश दंडोतिया के मुताबिक, मामला सामने आने के बाद डिस्प्ले पर चल रही लाइन तत्काल बदल दी गई। स्क्रीन पर कोई धर्म विरोधी नारा या आपत्तिजनक स्लोगन नहीं चलाया गया था।
इसके बावजूद जन्माष्टमी के दिन मंदिर के बाहर धार्मिक संदेशों की जगह उर्दू की आयतें चलाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हिंदू संगठनों ने मामले की जांच की मांग की है।
पेन ड्राइव की हो रही जांच
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि डिस्प्ले बोर्ड किसने लगवाया था, उसका संचालन कौन कर रहा था और पेन ड्राइव में अलग-अलग आयोजनों की सामग्री किस तरह सेव की गई थी।
शुरुआती जांच में मामला लापरवाही का नजर आ रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि जन्माष्टमी के दिन मंदिर की स्क्रीन पर उर्दू की सामग्री किस तरह प्रदर्शित हुई।