|

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वार्ड 8 में औचक निरीक्षण कर दी सख्त चेतावनी, लापरवाही पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश Slug

इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने गुरुवार सुबह जोन क्रमांक 20 के अंतर्गत वार्ड 8 के अनेक इलाकों—छिपा बाखल, अहिल्या पलटन, चौथी पलटन, तंबोली बाखल और मल्हारगंज—का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधूरे कार्यों, निर्माण में देरी और क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्था पर नाराज़गी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहरवासियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गोराकुंड से सुभाष मार्ग तक प्रस्तावित ड्रेनेज लाइन कार्य में देरी पर महापौर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने रहवासियों से बातचीत कर उनकी परेशानियों को सुना और विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्रेनेज लाइन कार्य को तुरंत प्रारंभ कर यातायात और पानी निकासी की समस्या दूर की जाए।

छिपा बाखल क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा काम शुरू न करने पर महापौर ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। संबंधित विभाग ने जानकारी दी कि ठेकेदार को आदेश और नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इस पर महापौर ने तल्ख़ अंदाज़ में कहा, “आपका काम नोटिस देना नहीं है, काम करवाना है। यदि ठेकेदार काम नहीं करता तो उसे ब्लैकलिस्ट करें और टेंडर निरस्त करें।”

चौथी पलटन क्षेत्र में बोरिंग कार्य पूर्ण होने के बावजूद जलप्रदाय लाइन न डाले जाने पर महापौर ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि उसी दिन जलप्रदाय कनेक्शन डालकर क्षेत्रवासियों को राहत दी जाए। तंबोली बाखल में ड्रेनेज लाइन की खराब स्थिति और सफाई के बाद गाद न उठाने पर भी महापौर ने असंतोष जताया और कहा, “क्या एक साल बाद गली से गाद उठाएंगे?”

इसके अलावा, महापौर ने कचरा फैलाने वालों पर चालानी कार्रवाई और सफाई में बाधा बनने वाले वाहनों को तुरंत जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ़ किया कि शहर की स्वच्छता से समझौता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगा और हर अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी निभाए।

Share

Similar Posts