डॉ. मनसुख मांडविया ने कतर में सामाजिक विकास शिखर सम्मेलन में भारत की उपलब्धियों को रखा

नई दिल्ली, 7 नवम्बर 2025 — श्रम और रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कतर में आयोजित दूसरे सामाजिक विकास विश्व शिखर सम्मेलन में भाग लिया और भारत का दृष्टिकोण अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
तीन दिन की यात्रा के दौरान डॉ. मांडविया ने अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) और नीति आयोग द्वारा आयोजित सत्रों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने भारत में हो रहे सतत सुधारों, सामाजिक कल्याण नीतियों और डिजिटल नवाचारों के ज़रिए आए सामाजिक बदलावों को रेखांकित किया।
उन्होंने बताया कि बीते दशक में भारत में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया, जो सामाजिक और आर्थिक सुधारों की बड़ी सफलता है। इसके साथ ही, सामाजिक सुरक्षा कवरेज 2015 में 19 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 64 प्रतिशत तक पहुँच चुकी है।
डॉ. मांडविया ने इस अवसर पर कतर, रूस, रोमानिया, मॉरीशस और यूरोपीय संघ के मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों से भी द्विपक्षीय वार्ताएं कीं। इन बैठकों में भारत ने श्रम कल्याण, रोजगार सृजन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि भारत डिजिटल माध्यमों और पारदर्शी नीतियों के जरिये एक सशक्त और समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।






