मणिपुर में सोशल मीडिया अफवाह फैलाने वाला गिरफ्तार, सुरक्षा बलों का व्यापक अभियान जारी

इंफाल में हिंसा प्रभावित मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने उग्रवाद, मादक पदार्थ तस्करी और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, एल. अजीत सिंह नाम के एक फेसबुक अकाउंट से भड़काऊ और उत्तेजक पोस्ट किए गए थे, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हुई। मामले में कार्रवाई करते हुए 29 वर्षीय लौरियम अजीतकुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए 329 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और 115 से अधिक नाके/चेक पॉइंट स्थापित किए गए हैं। हाल ही में ग्रेटर इंफाल क्षेत्र में कर्फ्यू उल्लंघन, सड़क जाम और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस का कहना है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





